राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने आज बुधवार को बजट पेश किया, जिसमें पाली जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। इस बजट में पाली जिले के विकास कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, जल आपूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान दिया गया है।
पाली में खाद्य प्रयोगशाला की स्थापना
पाली जिला मुख्यालय पर खाद्य प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। इससे मिलावटखोरी पर नियंत्रण के लिए त्वरित कार्रवाई संभव होगी और जब्त खाद्य नमूनों की जांच जिला स्तर पर ही की जा सकेगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण सुधार
पाली जिले के 1415 आंगनबाड़ी केंद्रों पर अब 3 दिन की बजाय 5 दिन बच्चों को दूध उपलब्ध कराया जाएगा। इससे 30,210 बच्चों को बेहतर पोषण मिलेगा।
विकास कार्यों पर 60 करोड़ का बजट
पाली जिले के पाली, सोजत, बाली, मारवाड़ जंक्शन, सुमेरपुर और जैतारण विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्येक क्षेत्र के लिए 10-10 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। इन फंड्स से सड़क, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
76 PHC में डिजिटल एक्स-रे मशीनें: जिले के 71 ग्रामीण और 5 शहरी पीएचसी में डिजिटल एक्स-रे मशीनें लगाई जाएंगी, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर ही एक्स-रे की सुविधा मिलेगी।
पाली में डायबिटीज केंद्र की स्थापना: इस केंद्र से 1.60 लाख मधुमेह रोगियों को लाभ मिलेगा।
बांगड़ अस्पताल में 10 नई हीमोडायलिसिस बेड की व्यवस्था की जाएगी।
देसूरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय में अपग्रेड किया जाएगा।
खैरवा (सुमेरपुर) के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत किया जाएगा।
जल आपूर्ति से जुड़ी योजनाएं
फुलाद बांध पर जल शोधन संयंत्र: 5.90 करोड़ रुपये की लागत से 6 गांवों को स्वच्छ पेयजल मिलेगा।
कीरवा में फिल्टर प्लांट: 21.25 करोड़ रुपये की लागत से 11 गांवों को जवाई पाइप लाइन से जोड़ा जाएगा।
कंटालिया बांध से सोजत में जलापूर्ति: 15.76 करोड़ रुपये की लागत से जल शोधन संयंत्र और पाइप लाइन का निर्माण होगा।
मारवाड़ जंक्शन में जवाई बांध से जलापूर्ति: 13.08 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल आपूर्ति में सुधार किया जाएगा।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार
सुमेरपुर में नया ITI कॉलेज खोला जाएगा।
पाली पॉलिटेक्निक कॉलेज में मैकेनिकल सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
सोजत रोड में गर्ल्स कॉलेज स्थापित किया जाएगा।
बाली कॉलेज में नए विषय जोड़े जाएंगे।
आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं के लिए पाली में हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा।
बूसी में अंबेडकर छात्रावास का निर्माण किया जाएगा।
कॉलेजों में रानी लक्ष्मीबाई केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
सड़क और औद्योगिक विकास
सोजत-सांडेराव में रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण होगा।
सोजत में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
डेंडा, गुड़ा एंदला में 33/11 केवी का GSS स्थापित होगा।
सांवलता से जीवंद कलां, खारड़ा से जीवंद कलां तक सड़क निर्माण पर 6.62 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जीवंद कला के ढाणी रामदेव मंदिर नदी पर पुल निर्माण पर 4.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
खेल और युवा विकास
तखतगढ़ में खेल स्टेडियम बनाया जाएगा।
पाली में स्पोर्ट्स स्कूल की स्थापना होगी।
बांगड़ स्टेडियम में घास का ग्राउंड, रनिंग ट्रैक, हॉल और कोर्ट का निर्माण होगा।
इस बजट के तहत पाली जिले में स्वास्थ्य, जल आपूर्ति, शिक्षा, सड़क और खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं घोषित की गई हैं। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं बेहतर होंगी और जनता को लाभ मिलेगा।