सुमेरपुर सदर थाना क्षेत्र के पालडीजोड़ में एक शादी के नाम पर सवा तीन लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी महिला ने अपने पिता की मृत्यु का बहाना बनाकर पति और ससुरालवालों को धोखा दिया। मामला जालोर जिले के गोगांवा (आहोर) निवासी दिनेश की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाए जाने के बाद सामने आया।
दिनेश ने कोर्ट के जरिए 4 मार्च को रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसमें बताया कि वह मकान निर्माण के काम की ठेकेदारी करता है। दो माह पहले उसे शिवगंज के चांदाना गांव निवासी महेंद्र से मिलकर एक लड़की से शादी करवाने का प्रस्ताव मिला। महेंद्र ने शादी के लिए एक लाख रुपए खर्च का हवाला देते हुए, दिनेश से 3 लाख 12 हजार रुपए की रकम उधार ली।
इसके बाद महेंद्र ने दिनेश और उसके परिवार को यूपी के आगरा शहर घुमाने के लिए ले गया, जिसका खर्च भी दिनेश ने उठाया। फिर 29 नवंबर 2024 को, सलेमपुर देवरिया गोरखपुर निवासी बबीता नामक लड़की से शादी करवाई गई।
शादी के बाद 3 दिसम्बर को बबीता ने दिनेश से कहा कि उसके पिता की मृत्यु हो गई है, और उसे जल्दी वापस जाना होगा। इस पर दिनेश ने उसे जाने दिया, लेकिन बबीता ने घर में रखे कैश और उसकी मां के गहने चुराए और भाग गई। बाद में जब दिनेश ने उसे फोन किया, तो उसका फोन स्विच ऑफ आ गया।
महेंद्र से संपर्क करने पर उसने भी कोई जवाब नहीं दिया। अब तक आरोपियों ने न तो पैसे वापस किए हैं, और न ही बबीता को लेकर आए हैं। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है ।